News Details

20 Oct 2026

धार के थाना पीथमपुर क्षेत्र में घर की राह भटकी 05 वर्षीय बालिका, डायल-112 जवानों ने परिजनों से मिलाया।

धार जिले के थाना पीथमपुर क्षेत्र अंतर्गत बीमा हॉस्पिटल के सामने, मेथोडेक्स कंपनी के पास एक 04-05 वर्षीय बालिका मिली है, जो घर का रास्ता भटक गई है, पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 18.10.2026 को प्राप्त हुई। सूचना प्राप्ति पर तत्काल पीथमपुर थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को मदद के लिए रवाना किया गया।

डायल-112 स्टाफ आरक्षक अतुल एवं पायलट दीपक ने मौके पर पहुंचकर बालिका को संरक्षण में लिया। डायल-112 जवानों द्वारा बालिका से स्नेहपूर्वक जानकारी लेने पर बालिका घबराहट एवं कम उम्र के कारण अपने घर का पता नहीं बता पा रही थी। डायल-112 जवानों द्वारा आसपास की कंपनियों, दुकानदारों एवं स्थानीय रहवासियों से संपर्क किया गया। करीब दो घंटे तक लगातार प्रयास करने के बाद बालिका के परिजन की जानकारी ग्राम कलमोड़िया में मिली। पहचान व सत्यापन उपरांत बालिका को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।